सांसद ने कहा मेघ, मल्हार और माटी का अनूठा संगम है सावन महोत्सव
सांसद ने कहा ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देगा तामिया सावन महोत्सव
रिमझिम फुहारों और कोहरे के बीच तामिया में दिखा पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह
सावन के झूले बने आकर्षक का केंद्र, महाराष्ट्र व कर्नाटक सहित प्रदेश के अन्य नगरों से आए पर्यटक
नितिन दत्ता तामिया (छिंदवाड़ा) - तीन दिवसीय सावन महोत्सव का शुभारंभ लगातार बारिश के बीच दोपहर 2 बजे सांसद विवेक बंटी साहू के हस्ते हुआ। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह की पार्किंग स्थल में बनाये कार्यक्रम स्थल में पातालकोट की रसोई होम से सहित कई स्टाल आकर्षण का।केंद्र रहे। पर्यटन स्थल तामिया बीते कई सालों से नवाचारों की प्रयोगशाला बन गया है पातालकोट एडवेंचर के बाद बीते साल तत्कालीन कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के कार्यकाल में तामिया मैराथन का आयोजन हुआ था । इस साल सावन महोत्सव का आयोजन हुआ। तामिया सावन महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि तामिया का सावन महोत्सव ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा। सावन के महीने में यहां का बेहतरीन मौसम पर्यटकों को आकर्षित करता है, कश्मीर जैसी खूबसूरती, शिमला जैसी ठंड चाहिए तो तामिया आइए। सांसद श्री साहू ने कि सावन महोत्सव मेघ, मल्हार और माटी का अनूठा संगम है यह ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देगा। गांवों में बने होम स्टे देश-विदेश के लोगों को भा रहें हैं। छिंदवाड़ा के अन्य ग्रामों में भी होम स्टे विकसित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण स्वरोजगार को नया आयाम मिल सके। इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने सावन महोत्सव में लगे स्टालों का निरीक्षण भी किया।
रिमझिम फुहारों के बीच हुआ आयोजन
उल्लेखनीय है कि सावन महोत्सव के दौरान रिमझिम फुहारों और कोहरे के बीच तामिया में पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। यहा पर सावन के झूले लोगों के बीच आकर्षक का केंद्र बने हुए है। यहा पर महाराष्ट्र व कर्नाटक सहित प्रदेश के अन्य नगरों से बडी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे है। समारोह को संबोधित करते हुए मप्र टूरिज्म बोर्ड के डायरेक्टर (कौशल) डीपी सिंह ने छिंदवाड़ा में चल रहे होम स्टे की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से पर्यटन ग्रामों में बेहतरीन एक्टिविटी की जा रही है, जिले में वर्तमान 57 होम स्टे चल रहें हैं और करीब 100 होम स्टे बनने हैं। बाकी होम स्टे भी जल्द बनाए जाएंगे।
सावन के झूले आकर्षण का केंद्र
जिला पुरात्तव,पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से हो रहे तामिया सावन महोत्सव में पर्यटकों के लिए सावन के झूले लगाए गए हैं, जो पर्यटकों को भा रहे हैं। आदिवासी आर्ट, हस्तशिल्प, हथकरघा की वस्तुओं की ब्रिकी भी यहां हो रही है। यहा पर पर्यटन ग्राम सावरवानी का शुद्ध देसी घी और पर्यटन ग्राम चोपना का स्वादिष्ट मावा भी बिक्री के लिए उपलब्ध है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड व जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में एमपीटी डायरेक्टर डी पी सिंह, जुन्नारदेव एसडीएम सुश्री राजनंदनी ठाकुर,तामिया तहसीलदार संजय मसराम,नायब तहसीलदार आशुतोष रामटेके,जनपद सीईओ वर्षा झारिया,तामिया जनपद अध्यक्ष तुलसा परतेती, जिला पंचायत सदस्य नवीन मरकाम दयाराम इरपाची, पवन बंजारा, नितेश पटेल, विनोद अग्रवाल, वतन उपाध्याय, श्रीमती किरण वाजपेयी, यशंवत सिंह कौरव,गोपाल साहू सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
आदिवासी धुन पर ढ़ोल लेकर झूमे सांसद
तामिया सावन महोत्सव में पहुंचे सांसद बंटी विवेक साहू यहां कार्यक्रम में बेहद अभिभूत दिखे। यहां उन्हें गोंड आर्ट की पेंटिंग भेंट की गई। उन्होंने पर्यटन ग्राम घटलिंगा से आए आदिवासी नृत्य दल के साथ ढोल लेकर डांस किया। सावन महोत्सव में उन्होंने महुए की पुड़ी, समा की खीर और बरबटी की दाल के बड़े का स्वाद लिया।

