मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का 10वां शुक्रवार: जनसंवाद शिविर में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, स्वामित्व योजना के 7 हितग्राहियों को मिले संपत्ति के दस्तावेज
तामिया, छिंदवाड़ा | MP खास खबर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने और शासकीय सेवाओं को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार, 16 अक्टूबर को छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायन जिला अधिकारियों की टीम के साथ तामिया पहुंचे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अजय पांडे और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने तामिया क्षेत्र की विभिन्न शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान छात्रावासों में साफ-सफाई, वेंटिलेशन और बुनियादी सुविधाओं की कमियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद सामुदायिक भवन तामिया में आयोजित खंड स्तरीय जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में स्वामित्व योजना के तहत सात हितग्राहियों को उनकी संपत्ति के मालिकाना हक के दस्तावेज भी सौंपे गए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने पांडुपिपरिया स्थित डबल लॉक खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद वितरण सुचारु रूप से किया जाए और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
किसानों से चर्चा के दौरान ई-टोकन बुकिंग के लिए ऑनलाइन सेंटरों द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लिए जाने की शिकायत सामने आई। इस पर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ई-टोकन बुकिंग के लिए निर्धारित 15 रुपये से अधिक राशि वसूलने वाले ऑनलाइन सेंटरों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को गांव-गांव शिविर लगाकर किसानों को मोबाइल के माध्यम से ई-टोकन बुक करने का प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए। साथ ही किसानों को मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने और रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभावों से बचाव के लिए कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करने की समझाइश दी।
बालिका छात्रावास में सीलन और अव्यवस्थाएं मिलने पर नाराजगी
कलेक्टर ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास तामिया का निरीक्षण किया। छात्राओं के शयन कक्षों में पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं होने और सीलन पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं में कमियां और आवश्यक मरम्मत के लिए बजट संबंधी समन्वय में लापरवाही सामने आने पर जिला शिक्षा अधिकारी को कड़ी चेतावनी दी।
छात्रावास में साफ-सफाई, पेयजल और रसोईघर की व्यवस्थाएं भी संतोषजनक नहीं पाई गईं। इस पर कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षिका कौशल्या नागेश्वर और एपीसी अनुराधा श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने वीरांगना रानी दुर्गावती नवीन आदिवासी कन्या आश्रम, तामिया का निरीक्षण किया। यहां रसोईघर, सफाई और शयन कक्ष की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, लेकिन शौचालयों में नल से पानी उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। पानी की टंकी तक पाइपलाइन की मरम्मत कराकर शीघ्र रनिंग वाटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने छात्राओं से बातचीत कर उनके भाषा और विषय ज्ञान का भी आकलन किया। भाषा ज्ञान संतोषजनक मिलने पर उन्होंने सामान्य ज्ञान बढ़ाने के लिए छात्राओं को प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने और नियमित अध्ययन करने की सलाह दी।
स्वास्थ्य केंद्र और पोषण पुनर्वास केंद्र का लिया जायजा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तामिया के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जनपद अध्यक्ष तुलसा परतेती से भी स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। स्वास्थ्य केंद्र की बाहरी दीवार पर गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए बीएमओ को परिसर में स्वच्छता और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। वहां भर्ती बच्चों की माताओं से संवाद कर उन्हें बच्चों को घर ले जाने के बाद भी स्वच्छता बनाए रखने, मच्छरों से बचाव करने और खान-पान में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की समझाइश दी।
सांदीपनि विद्यालय में सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
कलेक्टर ने शासकीय सांदीपनि विद्यालय तामिया का भी निरीक्षण किया। विद्यालय के फर्श और परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने प्रभारी बीईओ और प्राचार्य बलवंत सानेर के प्रति नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने तत्काल पूरे विद्यालय की सफाई कराने तथा फोटो और वीडियो के माध्यम से व्यवस्था की जानकारी भेजने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि भविष्य में इस तरह की अव्यवस्था दोबारा सामने न आए।
कलेक्टर ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो सांदीपनि विद्यालयों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
आंगनबाड़ी में बच्चों से किया संवाद, उपहार देकर बढ़ाया उत्साह
कलेक्टर ने थाना मोहल्ला तामिया स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों से सहजता से बातचीत की और उनसे पढ़ाई से जुड़े प्रश्न पूछे। बच्चों ने एबीसीडी, पहाड़े तथा हिंदी और अंग्रेजी की कविताएं सुनाईं।
जब कलेक्टर ने बच्चों से पूछा कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं, तो किसी ने डॉक्टर, किसी ने पुलिस अधिकारी, किसी ने फायर फाइटर तो किसी ने सुपरस्टार बनने की इच्छा जताई। कलेक्टर ने बच्चों को अनुशासन में रहने, मन लगाकर पढ़ाई करने और खेलकूद में भी भाग लेने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों को उपहार स्वरूप पानी की बोतल और ड्राइंग बुक भी भेंट की।
जनसंवाद शिविर में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं
विभिन्न शासकीय संस्थाओं के निरीक्षण के बाद कलेक्टर और जिला अधिकारियों की टीम सामुदायिक भवन तामिया में आयोजित जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंची। यहां ग्रामीणों ने सीमांकन, अवैध कब्जा हटाने, नल कनेक्शन, पाइपलाइन विस्तार, सड़क निर्माण और विद्युत ट्रांसफार्मर लगवाने सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर के दौरान क्षेत्र के नागरिकों की सीएम हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों पर भी सुनवाई की गई। छिंदी में बालिका छात्रावास के निर्माण कार्य में लापरवाही की शिकायत पर कलेक्टर ने सहायक यंत्री, जनजातीय कार्य विभाग दीपक सरेयाम के निलंबन का प्रस्ताव तत्काल भेजने के निर्देश दिए।
स्वामित्व योजना के सात हितग्राहियों को मिले मालिकाना हक के दस्तावेज
जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान तहसील तामिया के सात हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के अंतर्गत उनकी संपत्ति के मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज सौंपे गए। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने हितग्राहियों को बधाई देते हुए दस्तावेजों के महत्व और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। संपत्ति का मालिकाना हक मिलने पर हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और शासन के प्रति आभार जताया।
उद्यमियों से संवाद, स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर
जनसंवाद शिविर में कलेक्टर ने तामिया क्षेत्र के स्थानीय उद्यमियों से भी चर्चा की। इनमें मिनरल वाटर प्लांट संचालक पीयूष सिंह, पातालकोट रसोई के संचालक पवन श्रीवास्तव, ईंट निर्माता अमित कुमार बत्रा, पापड़ उद्योग संचालक तरुणा ठाकुर तथा मिठाई-नमकीन उद्योग संचालक तेजप्रकाश साहू शामिल रहे।
कलेक्टर ने उद्यमियों से उनके व्यवसाय की शुरुआत, शासन की योजनाओं के माध्यम से मिले ऋण, कारोबार के विस्तार और व्यवसाय संचालन में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि पात्र उद्यमियों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाकर उनके कारोबार के विस्तार के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
इस दौरान महिला उद्यमियों ने बताया कि वे पोल्ट्री शेड निर्माण योजना के अंतर्गत मुर्गी पालन का कार्य कर अपनी आजीविका चला रही हैं। कलेक्टर ने महिला उद्यमियों की नियमित मासिक बैठक के लिए कक्ष उपलब्ध कराने के निर्देश जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए।
कलेक्टर ने स्थानीय युवाओं और अन्य लोगों को भी स्वरोजगार अपनाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उद्यमों का विकास होने से रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
अभियान के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान पर जोर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत तामिया में आयोजित इस कार्यक्रम में शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण, ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई, स्वामित्व योजना के हितग्राहियों को दस्तावेज वितरण और स्थानीय उद्यमियों से संवाद जैसी गतिविधियां हुईं।
इस दौरान जनपद अध्यक्ष तुलसा परतेती, पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, एसडीएम जुन्नारदेव राजनंदिनी सिंह, एसडीओपी सोनम पाटिल, जनपद पंचायत तामिया की सीईओ वर्षा झारिया, वन विभाग की अधिकारी सीमा ठाकुर, सांगाखेड़ा रेंजर नेहा मासूरकर, पीएचई विभाग की एसडीओ प्राची सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
MP खास खबर | तामिया, मध्य प्रदेश
वेबसाइट: www.mpkhaskhabar.com
सोशल मीडिया पर फॉलो करें: @mpkhaskhabar
संवाददाता: नितिन दत्ता, दिनेश नागवंशी





