तामिया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण एवं जनसंवाद शिविर में जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायन के समक्ष सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण और शासकीय सांदीपनि विद्यालय तामिया की व्यवस्थाओं से जुड़ा मामला उठाया गया। शिकायतकर्ता ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत के निराकरण एवं उसे बंद किए जाने से संबंधित समस्या रखते हुए मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
इसके साथ ही सांदीपनि विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं और उनसे संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी कलेक्टर के समक्ष रखी गई। शिकायतकर्ता का कहना था कि मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए संबंधित बिंदुओं की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए, ताकि यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हो सके।
गौरतलब है कि कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने अपने तामिया दौरे के दौरान सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण भी किया था। परिसर में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई कराने और भविष्य में नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
जांच और कार्रवाई पर टिकी निगाहें
तामिया के शिक्षा विभाग से जुड़े इस मामले में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विभागीय जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध क्या कदम उठाए जाते हैं। फिलहाल विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार, शिकायतों के निष्पक्ष निराकरण और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख बनी हुई है।
MP खास खबर | तामिया जिला छिंदवाड़ा मध्य प्रदेश।
www.mpkhaskhabar.com
सोशल मीडिया पर फॉलो करें: @mpkhaskhabar
